लखनऊ,05 जुलाई(आरएनएस)। राजधानी लखनऊ के गोसाईगंज थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा गोसाईगंज और गंगागंज के बीच गब्बर ढाबे के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।सूचना मिलते ही गोसाईगंज थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को वाहन से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोसाईगंज पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद दो युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सिविल अस्पताल, लखनऊ रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है।पुलिस के अनुसार हादसे में मृतकों की पहचान अमेठी जनपद के मुंशीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पड़री निवासी 21 वर्षीय सौरभ यादव पुत्र जगदीश प्रसाद यादव तथा 20 वर्षीय अभिषेक यादव पुत्र घनश्याम यादव के रूप में हुई है। वहीं घायलों में मुसाफिरखाना थाना क्षेत्र के तेजगढ़ निवासी 20 वर्षीय नितिन यादव पुत्र ओमप्रकाश तथा पड़री निवासी 24 वर्षीय अजय यादव पुत्र बलराम यादव शामिल हैं।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्विफ्ट कार तेज गति में थी और चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को बाहर निकालने में पुलिस और स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।घटना की सूचना मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शवों का पंचायतनामा भरने की कार्रवाई पूरी कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया। साथ ही घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात भी सामान्य करा दिया गया।पुलिस ने बताया कि परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। फिलहाल घटनास्थल पर स्थिति सामान्य है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

