जांजगीर-चांपा, 05 जुलाईं (आरएनएस)। राष्ट्रीय राजमार्ग पर लापरवाहीपूर्वक भारी वाहन खड़े कर सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ाने वाले चालकों के खिलाफ जांजगीर-चांपा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देश पर चलाए गए तीन दिवसीय विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने 15 ट्रेलर वाहनों को जब्त करते हुए उनके चालकों को गिरफ्तार किया और उनके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 285 के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में अकलतरा, जांजगीर और चांपा थाना क्षेत्रों से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्गों पर लगातार जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान कई ट्रेलर बिना किसी सुरक्षा संकेतक, रिफ्लेक्टर या वैध कारण के सड़क किनारे खड़े मिले, जिससे विशेषकर रात्रि के समय सड़क हादसों की आशंका बढ़ रही थी।
पुलिस ने सभी वाहनों को जब्त कर संबंधित चालकों को गिरफ्तार किया तथा उन्हें न्यायालय में पेश किया। पुलिस का कहना है कि राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों सहित मुख्य सड़कों पर लापरवाही से वाहन खड़े करने वालों के विरुद्ध आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे हाईवे पर बिना वैध कारण वाहन खड़ा न करें। यदि किसी कारणवश वाहन रोकना पड़े तो पार्किंग लाइट, रिफ्लेक्टर और चेतावनी त्रिकोण (वार्निंग ट्रायंगल) का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 285 के तहत कानूनी कार्रवाई करते हुए वाहन जब्त किए जाएंगे।
०


