०गरीबों के आशियाने उजाडऩा भाजपा की गरीब विरोधी सोच का परिचायक
०सरकार को गरीबों के आंसुओं का हिसाब देना होगा, बुलडोजर राजनीति नहीं चलेगी
दंतेवाड़ा,05 जुलाई (आरएनएस)। रायपुर के माना स्थित ग्राम नकटी में गरीब परिवारों के मकानों पर बुलडोजर चलाए जाने के मामले को लेकर प्रदेशभर में विरोध का सिलसिला जारी है। आज महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव एवं जिला पंचायत सदस्य तुलिका कर्मा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि गरीब और मेहनतकश परिवारों के आशियानों को उजाडऩा किसी भी संवेदनशील सरकार के लिए शर्मनाक है। बरसात के बीच महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को बेघर कर देना सरकार की असंवेदनशील कार्यशैली को दर्शाता है।तुलिका कर्मा ने कहा कि किसी भी कार्रवाई से पहले प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, वैकल्पिक आवास और आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था करना सरकार का नैतिक और संवैधानिक दायित्व था, लेकिन सरकार ने मानवीय संवेदनाओं को दरकिनार कर सीधे बुलडोजर चलाने का रास्ता चुना, जिससे कई परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए। यह केवल मकानों को तोडऩे की कार्रवाई नहीं, बल्कि गरीबों के सम्मान और उनके जीवन पर सीधा प्रहार है।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लगातार गरीब, आदिवासी, मजदूर और कमजोर वर्ग के लोगों के हितों की अनदेखी कर रही है। एक ओर सरकार गरीबों के कल्याण की बड़ी-बड़ी बातें करती है, वहीं दूसरी ओर उनके सिर से छत छीनने का काम किया जा रहा है। यह दोहरा चरित्र अब जनता के सामने आ चुका है।तुलिका कर्मा ने आगे कहा कि महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा के निर्देश पर पूरे प्रदेश में महिला कांग्रेस गरीबों और वंचितों के अधिकारों की लड़ाई लड़ रही है। नकटी गांव के पीडि़त परिवारों के साथ महिला कांग्रेस मजबूती से खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।उन्होंने सरकार से मांग की कि प्रभावित परिवारों को तत्काल उचित मुआवजा, सुरक्षित एवं सम्मानजनक पुनर्वास, आवास और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाए।अंत में तुलिका कर्मा ने कहा कि गरीबों के अधिकारों की रक्षा करना लोकतांत्रिक सरकार का दायित्व है। जब तक नकटी गांव के पीडि़त परिवारों को न्याय नहीं मिल जाता और उनके पुनर्वास की समुचित व्यवस्था नहीं हो जाती, तब तक महिला कांग्रेस का विरोध लगातार जारी रहेगा।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

