जांजगीर-चांपा, 05 जुलाईं (आरएनएस)। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस ने सामुदायिक पुलिसिंग के तहत एक अनूठी पहल की है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में राष्ट्रीय राजमार्ग पर चलने वाले ट्रकों और ट्रेलरों में रेडियम (रिफ्लेक्टिव) पट्टियां लगाई गईं।
यह अभियान 4 जुलाई की देर शाम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के मार्गदर्शन तथा सीएसपी योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में चलाया गया। अभियान के दौरान अकलतरा, चांपा और सारागांव क्षेत्र से गुजरने वाले एनएच मार्ग पर ट्रकों एवं ट्रेलरों में रेडियम पट्टियां लगाकर वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस के अनुसार रेडियम पट्टियों का उद्देश्य रात के समय, कोहरे, बारिश अथवा कम रोशनी की स्थिति में भारी वाहनों को दूर से स्पष्ट रूप से दिखाई देना है। इससे अन्य वाहन चालक समय रहते वाहन की दूरी और आकार का सही अनुमान लगा सकते हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका काफी हद तक कम हो जाती है।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने बताया कि सड़क सुरक्षा को लेकर भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता एवं सामुदायिक पुलिसिंग आधारित अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और आम नागरिकों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित हो।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

