जांजगीर-चांपा, 05 जुलाईं (आरएनएस)। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चांपा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 21.1 किलोग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत 10 लाख 55 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने गांजा बिक्री से प्राप्त 10,450 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में 5 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि हनुमान चौक, देवांगन पारा, चांपा में एक व्यक्ति अवैध रूप से गांजा बेच रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद थाना चांपा पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और एक युवक को गांजा बेचते हुए पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम वीरेन्द्र देवांगन (28 वर्ष), निवासी हनुमान चौक, देवांगन पारा, चांपा बताया। इसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी के घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान चार पैकेट और दो प्लास्टिक बोरियों में रखा 21.1 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। साथ ही गांजा बिक्री से प्राप्त 10,450 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
थाना चांपा पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 357/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव के नेतृत्व में उप निरीक्षक सत्यम चौहान, प्रशिक्षु उप निरीक्षक गोपी सिंह, रूकसाना बानो, निकिता साहू, सहायक उप निरीक्षक भुवनेश्वर राठौर, प्रधान आरक्षक नरसिंह बर्मन, महिला प्रधान आरक्षक पुष्पलता साहू, आरक्षक ईश्वरी राठौर, प्रकाश द्विवेदी, मुद्रिका दुबे, विरेश सिंह सहित थाना चांपा पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

