रायपुर, 04 जुलाईं (आरएनएस)। मानसून के बीच जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए रायपुर नगर निगम के जोन क्रमांक 10 ने अमलीडीह क्षेत्र में जाम नाली की तत्काल सफाई कराते हुए जलभराव की समस्या का समाधान किया।
नगर निगम के अनुसार, जोन 10 के जोन कमिश्नर मोनेश्वर शर्मा के निर्देश पर जोन स्वास्थ्य अधिकारी अमित बेहरा के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अमलीडीह बस्ती के पास लास विस्टा के आगे मुख्य मार्ग स्थित नाली का निरीक्षण किया। यहां मुक्तिधाम की ओर जाने वाले लंबे पाइप के जाम होने से गंदे पानी की निकासी प्रभावित हो रही थी।
जनशिकायत प्राप्त होते ही निगम की टीम मौके पर पहुंची और जेटिंग मशीन की सहायता से पाइप और नाली की मैकेनिकल सफाई कराई। सफाई के बाद जाम पाइप को पूरी तरह साफ कर गंदे पानी की सुचारु निकासी बहाल कर दी गई।
नगर निगम ने बताया कि त्वरित कार्रवाई से क्षेत्रवासियों को जलभराव और गंदे पानी की समस्या से राहत मिली है। निगम ने मानसून के दौरान ऐसी शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए सभी जोनों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
०



