गरियाबंद, 04 जुलाईं (आरएनएस)। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के अवसर पर गरियाबंद पुलिस ने एकता वृक्षारोपण अभियान के तहत जिले के दो स्कूलों में पौधरोपण कर राष्ट्रीय एकता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, महिला एवं बाल सुरक्षा, यातायात नियम और नशामुक्ति के प्रति भी जागरूक किया गया।
पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में थाना गरियाबंद पुलिस ने सरस्वती शिशु मंदिर, गरियाबंद तथा थाना राजिम पुलिस ने शासकीय हाईस्कूल, परसदा जोशी में जागरूकता शिविर आयोजित किया।
सरस्वती शिशु मंदिर में पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव, यातायात नियमों के पालन, पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों, डायल-112 की उपयोगिता तथा गुड टच-बैड टच के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान ज्ञानवर्धक क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को पुलिस की ओर से पुरस्कृत किया गया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने स्कूल परिसर में पौधरोपण किया।
वहीं, शासकीय हाईस्कूल परसदा जोशी में विद्यार्थियों को ऑनलाइन गेमिंग के दुष्प्रभाव, साइबर फ्रॉड से बचने के उपाय और सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने की जानकारी दी गई। पुलिस ने साइबर हेल्पलाइन 1930 और डायल-112 की उपयोगिता बताई तथा महिला सुरक्षा के लिए अभिव्यक्ति ऐप डाउनलोड कर उसके उपयोग की प्रक्रिया भी समझाई।
कार्यक्रम में नशामुक्ति का संदेश देते हुए युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया। साथ ही गरियाबंद पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से जुडऩे की भी अपील की गई।
इस अवसर पर दोनों विद्यालयों के शिक्षक, शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने गरियाबंद पुलिस की इस जनजागरूकता और पर्यावरण संरक्षण की पहल की सराहना की।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

