मुंगेली, 04 जुलाईं (आरएनएस)। सिटी कोतवाली पुलिस ने चोरी के एक मामले का महज 72 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में चोरी के 11 सोने के लॉकेट और 2,000 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। वहीं, प्रकरण में शामिल विधि से संघर्षरत एक बालक को किशोर न्यायालय में पेश कर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, फंदवानीकांपा निवासी मनीष अनंत ने 1 जुलाई 2026 को सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि 29 जून को सब्जी बाजार से लौटने के बाद अगले दिन घर की आलमारी जांचने पर लॉकर से 2,000 रुपये नकद और 11 सोने के लॉकेट गायब मिले। शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 209/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने एक विधि से संघर्षरत बालक से उसके पिता की उपस्थिति में पूछताछ की। पूछताछ में बालक ने स्वीकार किया कि उसने अपने पारिवारिक चाचा के घर की आलमारी से चाबी निकालकर लॉकर में रखे रुपये और सोने के लॉकेट चोरी किए तथा लॉकेट गांव के ही हेमंत अनंत के पास रखवा दिए। उसकी निशानदेही पर 2,000 रुपये नकद बरामद किए गए।
इसके बाद पुलिस ने हेमंत अनंत (27 वर्ष), निवासी फंदवानीकांपा, थाना सिटी कोतवाली, जिला मुंगेली को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने चोरी के सोने के लॉकेट अपने पास रखना स्वीकार किया, जिसके बाद उसके कब्जे से 11 सोने के लॉकेट बरामद कर जब्त किए गए।
जांच में आरोपी की भूमिका सामने आने पर उसके खिलाफ धारा 317(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) भी जोड़ी गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं, विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया।
पुलिस ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों के त्वरित निराकरण और चोरी की संपत्ति की बरामदगी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई में सिटी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
०


