बिलासपुर, 04 जुलाईं (आरएनएस)। अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीपत पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 16.200 लीटर देशी शराब और एक एक्टिवा जब्त की है। दोनों आरोपियों को आबकारी एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे चेतना विरुद्ध नशा अभियान के तहत 3 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति एक्टिवा से बड़ी मात्रा में देशी शराब बिक्री के लिए ले जा रहा है।
सूचना के आधार पर सीपत पुलिस ने ग्राम खांडा पेट्रोल पंप के पास मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। इस दौरान एक्टिवा क्रमांक सीजी 10 बीवी 1695 पर सवार दो लोगों को रोककर तलाशी ली गई।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान रमेश कुमार उर्फ रामेश्वर प्रसाद बंजारे (49 वर्ष) और प्रमेंद्र डहरिया (29 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम देवरी, थाना सीपत, जिला बिलासपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 16.200 लीटर देशी प्लेन शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 7,200 रुपये है, बरामद की गई। साथ ही शराब परिवहन में प्रयुक्त एक्टिवा भी जब्त कर ली गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
सीपत पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध शराब और अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

