रायपुर, 05 जुलाईं (आरएनएस)। रायपुर में शनिवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी, मारपीट और नशीले पदार्थों से जुड़े कई मामले दर्ज किए गए। उरला थाना क्षेत्र में पेन्ड्रॉल कंपनी के पार्किंग स्थल से धनेश्वर साहू की सीजी-25/0791 नंबर की करीब 40 हजार रुपये कीमत की बाइक अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। वहीं मौदहापारा थाना क्षेत्र में पोस्ट ऑफिस के पास खड़ी होंडा शाइन (सीजी-04/9635) भी अज्ञात चोरों ने पार कर दी, जिसकी कीमत करीब 24 हजार रुपये बताई गई है। दोनों मामलों में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
उरला थाना क्षेत्र के सरोरा स्थित साहू होटल के सामने पुरानी रंजिश को लेकर सांतराम साहू के साथ मारपीट का मामला दर्ज हुआ है। आरोप है कि योगेश साहू ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से हमला कर घायल कर दिया। इसी तरह सिविल लाइन थाना क्षेत्र के बेहरा कॉलोनी, पंडरी में उधारी के पैसे को लेकर हुए विवाद में अशोक विभार ने प्रीति हरपाल के साथ मारपीट की। दोनों मामलों में पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।
आजाद चौक थाना क्षेत्र में राठौर चौक के पास कार पार्किंग को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक पक्ष की शिकायत पर रविंद्र राठौर ने आरोप लगाया कि विकास साहू ने गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। वहीं दूसरे पक्ष की शिकायत पर विकास साहू ने आरोप लगाया कि रविंद्र राठौर ने उसके साथ मारपीट की और उसकी कार का साइड मिरर तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इधर, गोलबाजार थाना पुलिस ने दाईकोरा भवन के सामने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को नशीली दवा के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से 30 स्ट्रिप, कुल 300 नग प्रतिबंधित नाइट्राजेपम टैबलेट जब्त की हैं। आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम की धारा 22(ख) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बंछोर
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

