महासमुंद, 05 जुलाई (आरएनएस)। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से महासमुंद पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। बीते एक सप्ताह के दौरान यातायात पुलिस ने हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवर स्पीड, नो पार्किंग, मॉडिफाइड वाहन और प्रेशर हॉर्न के खिलाफ व्यापक कार्रवाई करते हुए सैकड़ों वाहन चालकों पर चालान किया।
पुलिस के अनुसार, शहरी क्षेत्र में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले 1,210 चालकों के विरुद्ध ई-चालान जारी कर 6.06 लाख रुपये का समन शुल्क लगाया गया। वहीं तेज रफ्तार से वाहन चलाने वाले 8 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 8 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
इसके अलावा 15 वाहन चालकों को बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने पर 7,500 रुपये, जबकि 25 वाहनों पर नो पार्किंग नियम उल्लंघन के लिए 7,500 रुपये का समन शुल्क लगाया गया। प्रेशर हॉर्न का उपयोग करने वाले 2 वाहनों पर 2,000 रुपये तथा मॉडिफाइड वाहन चलाने वाले 1 वाहन पर 5,000 रुपये का जुर्माना किया गया।
यातायात पुलिस ने जिले में स्कूली वाहनों एवं यात्री बसों की भी सघन जांच की। जांच के दौरान फिटनेस, परमिट, प्रदूषण प्रमाण पत्र एवं निर्धारित वर्दी सहित अन्य कमियां पाए जाने पर 5 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई कर 14,900 रुपये का समन शुल्क वसूला गया।
इसी अवधि में जिले के साप्ताहिक हाट-बाजारों और शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर 9 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 700 से अधिक लोगों को हेलमेट, सीट बेल्ट, सुरक्षित वाहन संचालन और सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी गई।
यातायात पुलिस ने मालवाहक वाहनों में अवैध रूप से सवारी ढोने वालों पर भी विशेष निगरानी रखी। बीते सप्ताह ऐसे 4 मालवाहक वाहनों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। साथ ही ब्रीथ एनालाइजर से जांच कर शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
महासमुंद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। साथ ही नशे की हालत में वाहन न चलाएं, ओवर स्पीड से बचें और मालवाहक वाहनों में यात्रा न करें।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

