0 एफआईआर और प्रधान पाठक के निलंबन की अनुशंसा
बालोद, 05 जुलाई (आरएनएस)। बालोद जिले के गुरुर विकासखंड स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़भूम परिसर में 29 हरे-भरे पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने जांच के निर्देश दिए, जिसके बाद दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने और प्रधान पाठक के निलंबन की अनुशंसा की गई है।

कलेक्टर के निर्देश पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) गुरुर ललित चंद्राकर ने 2 जुलाई को विद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। जांच में पुष्टि हुई कि बिना किसी सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के स्कूल परिसर में 29 हरे पेड़ों की कटाई की गई थी।
जांच रिपोर्ट के आधार पर बीईओ ने 3 जुलाई को गुरुर थाना प्रभारी को पत्र लिखकर संबंधित लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज करने का अनुरोध किया। साथ ही मामले के मुख्य आरोपी प्रधान पाठक डोमर सिंह निषाद के निलंबन की अनुशंसा उच्चाधिकारियों को भेजी गई है।
जांच में यह भी सामने आया कि पेड़ों की कटाई के लिए 23 अप्रैल को शाला विकास समिति की बैठक आयोजित कर प्रस्ताव पारित किया गया था। समिति के अध्यक्ष जीवन लाल उईके और सदस्य निर्मला उईके की भूमिका भी जांच में सामने आई है।
रिपोर्ट के अनुसार, प्रधान पाठक एवं शाला विकास समिति के सचिव डोमर सिंह निषाद की देखरेख में पेड़ों की कटाई कराई गई। इस पूरी प्रक्रिया में वन विभाग या राजस्व विभाग से आवश्यक अनुमति नहीं ली गई, जो नियमानुसार अनिवार्य है और कानून का उल्लंघन माना गया।
बीईओ ललित चंद्राकर ने कहा कि जांच में नियमों के गंभीर उल्लंघन और पदीय दायित्वों के दुरुपयोग के तथ्य सामने आए हैं। इसलिए संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के लिए पुलिस को पत्र भेजा गया है तथा संलिप्त कर्मचारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
0

