धमतरी, 05 जुलाई (आरएनएस)। धमतरी जिले में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस पेट्रोलिंग वाहन को देखकर भाग रहे 27 वर्षीय युवक की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के लालबगीचा वार्ड की है। बताया जा रहा है कि योगेश जांगड़े (27 वर्ष) अपने कुछ दोस्तों के साथ रात में बैठा हुआ था। इसी दौरान नियमित गश्त पर निकली पुलिस की पेट्रोलिंग टीम वहां पहुंची। पुलिस वाहन को देखते ही वहां मौजूद युवक भागने लगे।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, भागते समय योगेश जांगड़े की सांस फूलने लगी और उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसके दोस्तों ने इसकी सूचना परिजनों को दी, जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान उसकी हालत और गंभीर हो गई तथा डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चिकित्सकों ने युवक की मौत का कारण हार्ट अटैक बताया है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। वहीं यह सवाल भी उठ रहा है कि पुलिस पेट्रोलिंग वाहन को देखकर युवक और उसके साथी अचानक क्यों भागने लगे। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

