# राष्ट्रीय एकता, राष्ट्रवाद और डॉ. मुखर्जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प
नई दिल्ली, 05 जुलाई (आरएनएस)। अखिल भारतीय जनसंघ द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 126वीं जयंती के अवसर पर रविवार को नई दिल्ली स्थित कॉन्स्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया के डिप्टी स्पीकर हॉल में भव्य राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आए संगठन के राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, शिक्षाविदों, समाजसेवियों तथा बुद्धिजीवियों ने भाग लेकर डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके राष्ट्रवादी विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन अखिल भारतीय जनसंघ के असम प्रदेश अध्यक्ष एवं सम्मेलन संयोजक रुगेश्वर खंडवाल ने किया। उन्होंने सभी अतिथियों एवं देशभर से आए प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय बाद संगठन का इतना बड़ा राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित हुआ है, जिसमें विभिन्न राज्यों की व्यापक भागीदारी देखने को मिली।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि पूर्व राज्यसभा सांसद प्रफुल द्वारकादास गोराडिया रहे। उन्होंने अपने संबोधन में भारतीय संस्कृति और हिंदुत्व आधारित राष्ट्र चिंतन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत की मूल विचारधारा समाज को जोड़ने वाली है। उन्होंने अपनी नई पुस्तक “राम राज्य” का भी उल्लेख किया और कहा कि यह भारतीय शासन व्यवस्था की अवधारणा को नए दृष्टिकोण से प्रस्तुत करती है। कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय जनसंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आचार्य डॉ. भारत भूषण पांडेय ने की। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और नई पीढ़ी तक उन्हें पहुंचाना समय की आवश्यकता है। अपने स्वागत भाषण में रुगेश्वर खंडवाल ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का व्यक्तित्व और कृतित्व देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संदेश आज भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने केंद्र सरकार, भारतीय जनता पार्टी तथा असम सरकार से अपील करते हुए कहा कि समान विचारधारा वाले संगठनों को साथ लेकर चलने की आवश्यकता है तथा अखिल भारतीय जनसंघ की ऐतिहासिक भूमिका और योगदान को उचित सम्मान मिलना चाहिए। सम्मेलन में दिल्ली, असम, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, गुजरात सहित देश के अनेक राज्यों से आए प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण दोहराते हुए भारत माता की जय और अखिल भारतीय जनसंघ के उद्घोष के साथ सम्मेलन का समापन हुआ।

