नई दिल्ली,09 जुलाई(आरएनएस)। देश की राजधानी दिल्ली में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार शाम रोहिणी सेक्टर-16 में निर्माणाधीन पांच मंजिला इमारत गिरने के मामले में करीब 14 घंटे तक चले सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद राहत अभियान गुरुवार सुबह पूरा कर लिया गया है. इस हादसे में कुल चार लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया, जिनमें तीन की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है. उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है. लगातार हो रही बारिश, फिसलन व अंधेरे के कारण राहत एवं बचाव अभियान में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
दिल्ली फायर सर्विस के जनसंपर्क अधिकारी राजेंद्र अटवाल ने बताया कि हादसे के बाद दिल्ली फायर सर्विस, नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (एनडीआरएफ), दिल्ली पुलिस, नगर निगम, दिल्ली स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (डीएसडीएमए) और अन्य एजेंसियों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव का कार्य किया. एजेंसियों ने मलबे से कुल तीन लोगों को बाहर निकाला. इनमें से दो लोगों को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया, जबकि एक घायल का इलाज जारी है. वहीं, एजेंसियों के मौके पर पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस तरह हादसे में कुल तीन लोगों की जान चली गई है और एक घायल है.
दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार रोहिणी सेक्टर-16 में एमसीडी स्कूल के पास के निर्माणाधीन इमारत गिरने की सूचना बुधवार शाम 4 बजकर 19 मिनट पर मिली थी. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव का कार्य शुरू किया.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

