कोरबा,6 जुलाई (आरएनएस)। कोरबा जिले के बहुचर्चित राज ज्वेलर्स, छुरी लूटकांड का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। मामले का एक आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि तीनों आरोपी पहले हत्या, दुष्कर्म और अन्य गंभीर अपराधों में जेल जा चुके थे तथा जेल में ही उनकी दोस्ती हुई थी, जहां उन्होंने लूट की साजिश रची।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने साइबर तकनीक, मुखबिर तंत्र और 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के विश्लेषण के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
ग्राहक बनकर पहुंचे, कट्टा दिखाकर की लूट की कोशिश
पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 1 बजे राज ज्वेलर्स के संचालक राजकुमार अग्रवाल अपनी दुकान में अकेले थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल से तीन लोग ग्राहक बनकर पहुंचे। तीनों ने गमछे से चेहरा ढंक रखा था, जिनमें एक आरोपी महिला के भेष में था।
आरोपियों ने पहले चांदी की अंगूठी दिखाने को कहा। दुकानदार के काउंटर पर पहुंचते ही एक आरोपी ने दुकान का मुख्य दरवाजा बंद कर दिया, जबकि दूसरे ने देशी कट्टा निकालकर व्यापारी की छाती पर तान दिया। आरोपियों ने मिर्च पाउडर डालने का भी प्रयास किया और बैग में आभूषण भरने लगे। हालांकि बाहर लोगों की भीड़ जुटने पर वे घबराकर मौके से भाग निकले। भागते समय आरोपी चोरी की मोटरसाइकिल और देशी कट्टा घटनास्थल पर ही छोड़ गए।
जंगल े रास्तों से बचते रहे आरोपी
घटना के बाद पुलिस ने विशेष जांच दल गठित कर जशपुर, पत्थलगांव, धरमजयगढ़, सीतापुर और अंबिकापुर समेत कई इलाकों में दबिश दी। जांच में सामने आया कि आरोपी पुलिस से बचने के लिए जंगल के रास्तों का इस्तेमाल कर रहे थे। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने पहले अपराध से इनकार किया, लेकिन वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के सामने उन्होंने लूट की साजिश और वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली।
जेल में बनी थी लूट की योजना
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि तीनों आरोपी पहले हत्या, दुष्कर्म और अन्य गंभीर मामलों में जेल की सजा काट चुके हैं। जेल में ही उनकी दोस्ती हुई और रिहा होने के बाद उन्होंने चोरी की मोटरसाइकिल और देशी कट्टे के सहारे राज ज्वेलर्स में लूट की योजना बनाई।
ये आरोपी गिरफ्तार
गोपाल सिंह गोंड (38), निवासी घुचापुर, थाना पसान, जिला कोरबा।
परदेशी राठिया (40), निवासी जिलगा (बरपाली), थाना श्यांग, जिला कोरबा।
एक आरोपी अब भी फरार
विष्णु प्रसाद राठिया, निवासी कोलगा, थाना करतला, जिला कोरबा।
पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
इस मामले में थाना कटघोरा और साइबर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। पुलिस ने अपराध क्रमांक 237/2026 के तहत धारा 309(6), 61(2)(क) बीएनएस तथा 25 आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

