धमतरी, 06 जुलाई (आरएनएस)। जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक व्यक्ति पर हथौड़ी से जानलेवा हमला करने के मामले में धमतरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त रक्तरंजित लोहे की हथौड़ी भी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में थाना मगरलोड एवं चौकी करेलीबड़ी पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवलाल निषाद (38 वर्ष), निवासी ग्राम हसदा नंबर-1, चौकी करेलीबड़ी, थाना मगरलोड के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई 2026 की शाम करीब 5:15 बजे ग्राम हसदा नंबर-1 स्थित पोस्ट ऑफिस के सामने टीन शेड के नीचे पीडि़त चंद्रहास साहू अन्य ग्रामीणों के साथ बैठा हुआ था। इसी दौरान आरोपी देवलाल निषाद वहां पहुंचा और पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने अपने पास रखी लोहे की हथौड़ी से लगातार हमला कर दिया।
हमले के दौरान पीडि़त ने बचाव का प्रयास किया, जिससे वार सिर पर लगने के बजाय दाहिने जबड़े और दाहिने हाथ की कोहनी पर लगा। हमले में पीडि़त को गंभीर चोटें और फ्रैक्चर हुआ। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एम्स रायपुर रेफर किया गया। वर्तमान में उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही मगरलोड पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। सीन ऑफ क्राइम टीम ने मौके का सूक्ष्म निरीक्षण कर रक्तरंजित कंक्रीट, नियंत्रण नमूना, खून से सना रूमाल सहित अन्य महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य जब्त किए।
विवेचना के दौरान आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर उसके द्वारा छिपाकर रखी गई घटना में प्रयुक्त रक्तरंजित लोहे की हथौड़ी बरामद कर जब्त की गई। चिकित्सकीय परीक्षण और मेडिकल रिपोर्ट में पीडि़त को गंभीर चोटें तथा फ्रैक्चर होना प्रमाणित हुआ।
उपलब्ध साक्ष्यों, गवाहों के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर चौकी करेलीबड़ी, थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 114/26 के तहत धारा 296 एवं 109(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। बाद में उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
0

