कोरिया,6 जुलाई (आरएनएस)। कोरिया जिले के सोनहत में महिला सरपंच के साथ जातिसूचक टिप्पणी, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने एक अधिवक्ता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 30 जून 2026 को दोपहर पंचायत भवन सोनहत में पंच, सरपंच और सचिव की मौजूदगी में बैठक चल रही थी। इसी दौरान जयकरन साहू पंचायत पहुंचा और अपने निजी बोरवेल का भुगतान तत्काल करने की मांग करने लगा। सरपंच ने पंचायत की स्वीकृति के बिना भुगतान करने से इनकार किया तो आरोपी ने महिला सरपंच के अनुसूचित जनजाति वर्ग से होने की जानकारी के बावजूद जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अपमानित किया और गाली-गलौज कर मारपीट की धमकी देकर चला गया।
कुछ देर बाद उसका भतीजा राजेन्द्र प्रसाद साहू, जो पेशे से अधिवक्ता है, पंचायत भवन पहुंचा। आरोप है कि उसने सरपंच, सचिव और अन्य पंचों के साथ भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया तथा उन्हें जिंदा जलाकर जान से मारने की धमकी दी।
पीडि़ता की लिखित शिकायत पर थाना सोनहत में अपराध क्रमांक 72/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(3) तथा एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(क्र), 3(1)(स्) के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेशा चौबे के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने साइबर सेल की सहायता से आरोपी के मोबाइल लोकेशन के आधार पर घेराबंदी कर राजेन्द्र प्रसाद साहू (50 वर्ष), निवासी सोनहत को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे विशेष न्यायालय बैकुंठपुर में पेश किया गया, जहां से न्यायिक आदेश पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले के दूसरे आरोपी जयकरन साहू की तलाश जारी है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

