0 डीएलपी प्रशिक्षण पर दिया जोर
नारायणपुर, 06 जुलाई (आरएनएस)। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की जिला प्रभारी श्रीमती प्रेमलता नागवंशी के नारायणपुर प्रवास के दौरान भाजपा जिला कार्यालय में महिला मोर्चा की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में महिला मोर्चा की पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। बैठक में डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म (डीएलपी) को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
श्रीमती प्रेमलता नागवंशी ने महिला मोर्चा की सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से डीएलपी के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त कर संगठन को डिजिटल रूप से और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में संगठनात्मक कार्यों के प्रभावी संचालन के लिए डिजिटल तकनीक का ज्ञान अत्यंत आवश्यक है और प्रत्येक कार्यकर्ता को स्वयं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों के बेहतर उपयोग से संगठन की कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी और सुदृढ़ होगी तथा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी भी बढ़ेगी। बैठक में छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सिंह सलाम, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बृजमोहन देवांगन, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष संगीता जैन, भाजपा जिला महामंत्री संदीप कुमार झा, जनपद अध्यक्ष पिंकी उसेंडी, महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष रामबती देवांगन, शहर मंडल अध्यक्ष दीपाली नाग, ओरछा मंडल अध्यक्ष शांति नेताम, नारायणपुर ग्रामीण मंडल अध्यक्ष राधिका वड्डे, सोशल मीडिया प्रभारी खुशबू जैन सहित बड़ी संख्या में महिला मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर सिहावा विधानसभा से तेजस्विनी साहू, लक्ष्मी ठाकरे एवं सुलोचना सिन्हा भी विशेष रूप से मौजूद रहीं।
प्रवास के दौरान श्रीमती प्रेमलता नागवंशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सल मुक्त भारत का संकल्प तेजी से साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज नारायणपुर सहित पूरा बस्तर क्षेत्र शांति, सुरक्षा और विकास के नए दौर में प्रवेश कर चुका है तथा पूरे क्षेत्र में सुरक्षित और सहज आवागमन संभव हुआ है। उन्होंने इसे भाजपा सरकार की जनकल्याण और विकास के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम बताया।
0

