दुर्ग,6 जुलाई (आरएनएस) दुर्ग पुलिस ने घर में घुसकर बुजुर्ग दंपत्ति को धारदार हथियार दिखाकर लूट करने वाले आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, धारदार हथियार और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार, प्रार्थी वी. कुमार (59 वर्ष), निवासी शुभकामना हाइट्स, प्रगति नगर, रिसाली ने थाना नेवई में शिकायत दर्ज कराई कि 4 जुलाई को वह प्लांट में ड्यूटी पर थे। इसी दौरान घर में काम करने वाली महिला ने सूचना दी कि उनके सास-ससुर के फ्लैट में एक अज्ञात युवक चेहरे पर कपड़ा बांधकर घुस गया। आरोपी ने बुजुर्ग दंपत्ति को धारदार हथियार दिखाकर डराया-धमकाया और सोने-चांदी के आभूषण व नगदी की मांग की। इसके बाद वह सोने का नेकलेस लेकर फरार हो गया।शिकायत के आधार पर थाना नेवई में अपराध क्रमांक 436/2026 दर्ज कर धारा 308(2), 351(3), 333 एवं 127(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण, गवाहों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की। इसके बाद विभान्शु महोबिया (21 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। आरोपी मूल रूप से जिला मंडला (मध्यप्रदेश) का निवासी है और वर्तमान में दुर्ग जिले के भिलाई नगर क्षेत्र में रह रहा था।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, धारदार हथियार और घटना के समय पहने गए कपड़े जब्त किए हैं। आरोपी को 6 जुलाई को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार, आरोपी ने लूट की नीयत से बुजुर्ग दंपत्ति को भयभीत कर संपत्ति हासिल करने के उद्देश्य से वारदात को अंजाम दिया था।दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल निकटतम पुलिस थाने या डायल-112 पर दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

