0 राष्ट्र की एकता, अखंडता और जनसेवा के लिए उनका जीवन सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा
रायपुर, 06 जुलाई (आरएनएस)। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने आज प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक, शिक्षाविद, भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं महान राष्ट्रपुरुष डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर राजधानी रायपुर के शारदा चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर केदार कश्यप ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता, सांस्कृतिक चेतना और जनसेवा के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने अपने सिद्धांतों और राष्ट्रहित के लिए हर चुनौती का दृढ़ता से सामना किया तथा देश की एकता और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया। उनका त्याग, राष्ट्रनिष्ठा और दूरदर्शी नेतृत्व आज भी करोड़ों देशवासियों, विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आज जिस आत्मनिर्भर, सशक्त और विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है, उसमें डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों और आदर्शों की स्पष्ट झलक दिखाई देती है। राष्ट्र प्रथम की भावना, सुशासन, सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रीय एकात्मता के उनके सिद्धांत आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं जितने उनके जीवनकाल में थे।
केदार कश्यप ने कहा कि हम सभी का दायित्व है कि डॉ. मुखर्जी के आदर्शों को आत्मसात करते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखें तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और सेवा की भावना के साथ कार्य करें। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर रायपुर उत्तर विधानसभा के विधायक पुरंदर मिश्रा, भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज, जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके बताए मार्ग पर चलने तथा राष्ट्र सेवा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

