मनाली,06 जुलाई(आरएनएस)। हिमाचल प्रदेश के मनाली में रविवार को बड़ा हादसा टल गया। यहां उड़ान के दौरान एक पैराग्लाइडर अनियंत्रित हो गया और सड़क के बीचो-बीच धड़ाम से गिर पड़ा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें एक व्यक्ति ऊंचाई से सड़क पर गिरता दिख रहा है। हालांकि, उसे हल्की चोट आई है। बता दें कि इससे पहले भी मनाली में बीच सड़क पर एक पर्यटक की आपातकालीन लैंडिंग हो चुकी है।
स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि अचानक मौसम में बदलाव और तेज हवाओं के कारण आपातकालीन लैंडिंग की गई है। हालांकि, इसकी जांच शुरू कर दी गई है। घटना रायसन के पास चंडीगढ़ -मंडी राजमार्ग पर उस समय हुई, जब कोई वाहन नहीं गुजर रहा था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि, घटना के बाद कुछ समय के लिए यातायात बाधित हुआ। लोगों ने सवाल उठाया है कि मानसून में पैराग्लाइडिंग की अनुमति क्यों दी जा रही है?
इसी साल, मई में डोभी स्थल से उड़ान भरने वाला एक पर्यटक कुल्लू-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर अचानक उतर गया था। जनवरी 2025 में, हैदराबाद के 31 वर्षीय पर्यटक की रायसन में तेज हवा के झोंके के कारण ग्लाइडर के दुर्घटनाग्रस्त होने से मौत हो गई थी। दिसंबर 2025 में भी गरसा स्थल पर एक पर्यटक 80 फीट की ऊंचाई से गिर गया था। फरवरी 2024 में, तेलंगाना की एक पर्यटक की डोभी में हवा में गिरने से मृत्यु हो गई।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

