बलौदाबाजार, 06 जुलाईं (आरएनएस)। बलौदाबाजार-भाटापारा के पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा ने बाढ़ में फंसे लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू करने, सर्पदंश से पीडि़त किशोरी की जान बचाने और सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले कसडोल थाना पुलिस एवं डायल-112 के पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में उन अधिकारियों और जवानों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने हाल के दिनों में अपनी तत्परता, सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए कई लोगों की जान बचाई।
तुरतुरिया बाढ़ में 200 से अधिक लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू
5 जुलाई को मातागढ़ तुरतुरिया स्थित बालमदेही नदी में अचानक आई भीषण बाढ़ के दौरान 200 से अधिक श्रद्धालु और पर्यटक फंस गए थे। सूचना मिलते ही कसडोल थाना पुलिस और डायल-112 की टीम ने अपनी जान जोखिम में डालकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। इस साहसिक अभियान के लिए प्रशिक्षु उपनिरीक्षक रूपेश चंद्रा, उमेश टंडन, आरक्षक मनोज पैकरा तथा वाहन चालक नेतराम पटेल और राजा उर्फ टिकेश्वर यादव को सम्मानित किया गया।
सर्पदंश पीडि़त किशोरी को समय पर पहुंचाया अस्पताल
इसी दिन ग्राम खम्हरिया रिसदा में तेज आंधी-तूफान और बारिश के बीच 15 वर्षीय किशोरी को सांप ने काट लिया था। प्रतिकूल मौसम के बावजूद डायल-112 की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर किशोरी को अस्पताल पहुंचाया, जिससे समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बच गई। इस कार्य के लिए आरक्षक अनिल कुमार साहू और वाहन चालक खगेश मानिकपुरी को सम्मानित किया गया।
गोल्डन आवर में बचाई कई लोगों की जान
कसडोल क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं के दौरान घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाने वाले डायल-112 (बाज-1) के आरक्षक आशुतोष बंजारे और वाहन चालक केशव साहू को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा ने कहा कि पुलिस का पहला दायित्व नागरिकों के जीवन और संपत्ति की रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि बाढ़, खराब मौसम और सड़क दुर्घटनाओं जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कसडोल पुलिस और डायल-112 की टीम ने जिस बहादुरी, संवेदनशीलता और त्वरित निर्णय क्षमता का परिचय दिया, वह अन्य पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणादायक है।
सम्मान समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह भी मौजूद रहे और सम्मानित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

