बिलासपुर, 06 जुलाई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र स्थित ग्राम हरदी कला में सोमवार सुबह करंट लगने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह रोज की तरह अपने घर के किचन में चाय बना रही थी। घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया।
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान आशा देवी रजक (40) के रूप में हुई है। सुबह चाय बनाते समय जैसे ही उन्होंने किचन के टीन शेड को छुआ, उसमें प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में आ गईं। करंट का झटका इतना तेज था कि वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ीं।
परिजनों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और 112 की टीम ने महिला को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में घर की वायरिंग में खराबी या करंट लीकेज की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।0
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

