कोरिया, 06 जुलाईं (आरएनएस)। कोरिया जिले के चरचा थाना क्षेत्र में घर में घुसकर 8 वर्षीय बालिका के अपहरण का मामला सामने आया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और लगातार सर्च अभियान के चलते आरोपी बच्ची को छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बालिका को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है, जबकि आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 55 वर्षीय महिला ने 6 जुलाई को थाना चरचा में शिकायत दर्ज कराई कि 5 जुलाई की रात वह अपनी करीब 8 वर्षीय नातिन के साथ कमरे में सो रही थीं। देर रात करीब 2 बजे एक अज्ञात व्यक्ति जबरन कमरे का दरवाजा खोलकर अंदर घुस आया। आरोपी ने महिला के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की और विरोध करने पर मारपीट करते हुए धमकी दी कि यदि शोर मचाया तो बच्ची के साथ भी गलत काम करेगा।
इसी दौरान बच्ची की नींद खुल गई। आरोपी ने उसे भी धमकाया और जब वह उठी तो उसका मुंह दबाकर जबरन घर से उठाकर ले गया। महिला के शोर मचाने पर परिजन जागे और आसपास बच्ची की तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला।
शिकायत के आधार पर चरचा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 101/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और चरचा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी आनंद सोनी के नेतृत्व में पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग और सघन तलाशी अभियान चलाया। पुलिस के बढ़ते दबाव के कारण आरोपी बालिका को छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने बच्ची को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीडि़ता व उसके परिजनों से जानकारी ली। उन्होंने बालिका का चिकित्सीय परीक्षण कराने, आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने तथा फरार आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर लगातार तलाश की जा रही है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

