बिलासपुर, 06 जुलाईं (आरएनएस)। बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र में ढाबे के बाहर तलवार से हमला कर मारपीट करने और वाहन में तोडफ़ोड़ करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक तलवार भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, पंजाब निवासी मख्खन सिंह ने शिकायत दर्ज कराई कि वह रायगढ़ से ट्रेलर में लोहा लोड कर पंजाब लौट रहा था। 5 जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे वह खाना खाने के लिए संबलपुरी स्थित खालसा ढाबा जा रहा था। इसी दौरान ढाबे के पास हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी का कुछ लोगों से विवाद हो रहा था।
शिकायतकर्ता, दरबारा सिंह और इशाक खान बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपी ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद वह ढाबे से तलवार लेकर आया और दरबारा सिंह तथा इशाक खान पर तलवार के चपटे हिस्से से हमला कर दिया। हमले में दरबारा सिंह की पीठ और इशाक खान के सिर में चोटें आईं।
आरोप है कि आरोपी ने शिकायतकर्ता और इशाक खान के वाहन के शीशे भी तोड़ दिए तथा तलवार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।
मामले में सकरी थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 637/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 351(3), 324(4) तथा आम्र्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला पंजीबद्ध किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में सकरी थाना पुलिस ने डायल-112 की सहायता से आरोपी हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी (26 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तलवार जब्त कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। आरोपी मूल रूप से तरनतारण (पंजाब) का निवासी है और वर्तमान में संबलपुरी स्थित खालसा ढाबा के पास रह रहा था।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

