राजनांदगांव,06 जुलाई (आरएनएस)। दिग्विजय क्लब के पास शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर एक युवक के साथ लोहे के पाइप और डंडे से मारपीट करने वाले तीन आरोपियों को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप, डंडा और ऑटो वाहन भी जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक सूचीबद्ध गुंडा-बदमाश भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई 2026 को पीडि़त ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके परिचित अरमान खान, पी. ललित और तेजकरण भट्ट ने दिग्विजय क्लब और नगर निगम के पास उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगे। जब उसने पैसे देने से इनकार किया तो तीनों आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और लोहे के पाइप, डंडे तथा लात-घूंसों से हमला कर दिया। मारपीट में घायल युवक को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया।
शिकायत के आधार पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 334/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 351(2), 119(1) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरों के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र कुमार साह के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए 6 जुलाई को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने वारदात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप, डंडा और ऑटो क्रमांक ष्टत्र 08 ्रस् 5188 जब्त किया गया। इसके बाद तीनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
सूचीबद्ध गुंडा-बदमाश है मुख्य आरोपी
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी पी. ललित थाना सिटी कोतवाली का सूचीबद्ध गुंडा-बदमाश है। उसके विरुद्ध वर्ष 2008 से 2010 के बीच मारपीट, धमकी और अन्य आपराधिक मामलों में कई अपराध दर्ज हैं।
इनकी रही प्रमुख भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र कुमार साह, उप निरीक्षक इसराफिल खान, आरक्षक प्रकाश कुर्रे, प्रयंश सिंह तथा थाना सिटी कोतवाली के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

