दुर्ग, 06 जुलाईं (आरएनएस)। दुर्ग पुलिस ने अवैध गांजा बिक्री के मामले में लगातार कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का नाम पूर्व में गिरफ्तार दो आरोपियों से पूछताछ के दौरान सामने आया था। पुलिस ने उसके कब्जे से गांजा बिक्री के 5 हजार रुपये भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई 2026 को थाना कुम्हारी क्षेत्र के कुकदा रोड स्थित सार्थक होम के सामने दो युवकों के गांजा बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार करने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया था और उनके खिलाफ कार्रवाई कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था।
मामले की विवेचना के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने गांजा टिकनु नायक से खरीदा था। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था।
पुलिस ने सूचना के आधार पर सोमवार को टिकनु नायक (48 वर्ष), निवासी इंदिरा कॉलोनी, पोटिया रोड, दुर्ग को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा बिक्री की 5 हजार रुपये की नगद रकम जब्त की है। जांच में सामने आया कि आरोपी अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से गांजा की आपूर्ति और बिक्री में संलिप्त था।
दुर्ग पुलिस ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी है और मादक पदार्थों के संग्रहण, परिवहन तथा बिक्री में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं अवैध मादक पदार्थों की बिक्री या तस्करी की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि दोषियों के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जा सके।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

