जम्मू 07 Jully (Rns) । केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले से कुदरत के कहर की एक बड़ी खबर सामने आई है। क्षेत्र में जारी मूसलाधार बारिश के चलते मंगलवार को थथरी शहर के ऊंचाई वाले इलाकों में अचानक भीषण बाढ़ (फ्लैश फ्लड) आ गई। इस प्राकृतिक आपदा के कारण पहाड़ी से आए मलबे और पानी के तेज बहाव की चपेट में कई घर, दुकानें और वाहन आ गए, जिससे उन्हें आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा है। हालांकि, राहत की बात यह है कि इस पूरी घटना में किसी भी तरह के जानी नुकसान या किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
बादल फटने जैसी स्थिति से मची तबाही
स्थानीय प्रशासन और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, थथरी के ऊपरी पहाड़ी क्षेत्रों में सुबह अचानक मूसलाधार बारिश शुरू हुई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। पहाड़ों से कंकड़-पत्थर और भारी मात्रा में कीचड़ नीचे रिहायशी इलाकों की तरफ बहकर आने लगा। अचानक आई इस बाढ़ के कारण थथरी बाजार और आसपास की सड़कों पर पानी भर गया, जिससे वहां खड़ी गाड़ियां मलबे में दब गईं और कई दुकानों व मकानों के निचले हिस्सों में पानी घुस गया। अचानक हुए इस जलप्रपात से स्थानीय निवासियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।

