0 तीन कर्मियों ने तैरकर बचाई जान, एक लापता
बलौदाबाजार, 07 जुलाई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच बिजली विभाग की टीम के साथ बड़ा हादसा हो गया। अचानकपुर क्षेत्र में बिजली सुधार कार्य के लिए जा रही विभागीय पिकअप उफनते नाले में बह गई। हादसे में तीन कर्मचारियों ने तैरकर अपनी जान बचा ली, जबकि एक कर्मचारी लापता हो गया। उसकी तलाश के लिए पुलिस, नगर सेना और एसडीआरएफ की टीम द्वारा रेस्क्यू अभियान जारी है।
जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार देर रात करीब 2 बजे की है। बिजली विभाग के कर्मचारी पिकअप वाहन में सवार होकर मरम्मत कार्य के लिए जा रहे थे। इसी दौरान खोरसी नाला के पुल को पार करते समय तेज बहाव के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। देखते ही देखते पिकअप पानी के तेज बहाव में बह गई और पुल से करीब 800 मीटर दूर तक पहुंच गई।
वाहन में सवार तीन कर्मचारियों ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचा ली, लेकिन एक कर्मचारी के वाहन में फंसे रहने या बह जाने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल उसकी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, नगर सेना, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और लापता कर्मचारी की तलाश के लिए व्यापक रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम नदी और आसपास के क्षेत्र में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।
इस बीच पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा भी घटनास्थल पहुंचे और रेस्क्यू अभियान में जुटी टीम के साथ रस्सी खींचने सहित राहत कार्य में सहयोग किया।
लगातार बारिश के कारण प्रदेश की नदियां और नाले उफान पर हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तेज बहाव वाले पुलों और नालों को पार करने का प्रयास न करें तथा मौसम खराब होने की स्थिति में पूरी सावधानी बरतें।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

