0 लंबित मामलों के त्वरित निराकरण, साइबर अपराध नियंत्रण, बीट सिस्टम मजबूत करने और आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार के दिए निर्देश
राजनांदगांव, 14 जुलाई (आरएनएस)। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक लेकर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों के निराकरण और पुलिस कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में बेसिक पुलिसिंग को मजबूत बनाने, विजिबल पुलिसिंग बढ़ाने और आम नागरिकों को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में एसपी ने थाना एवं चौकी स्तर पर बीट प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने, क्षेत्र में पुलिस की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक थाना प्रभारी को माइक्रो लेवल कार्ययोजना तैयार कर उसके प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी थानों के रजिस्टर एवं अभिलेख अद्यतन रखने, निगरानीशुदा एवं गुंडा बदमाशों की नियमित जांच करने तथा किशोर पंजी का प्रभावी संधारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित मर्ग, गुमशुदगी, शिकायतों और पुराने आपराधिक प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा।
एसपी अंकिता शर्मा ने विवेचना की गुणवत्ता सुधारने के लिए सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल डेटा, साइबर एवं अन्य डिजिटल साक्ष्यों का समयबद्ध संकलन करने तथा तकनीकी संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने पर बल दिया। उन्होंने अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों को विवेचकवार प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर आवश्यक मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण देने के निर्देश भी दिए।
बैठक में पुलिस अधिकारियों को थाना एवं चौकी में आने वाले प्रत्येक नागरिक के साथ शिष्ट, संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार अपनाने तथा उनकी शिकायतों का त्वरित एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
डायल-112 वाहनों के रिस्पॉन्स टाइम की नियमित समीक्षा, घटनास्थल पर शीघ्र पहुंच सुनिश्चित करने, आबकारी प्रकरणों में जब्त शराब के विधिसम्मत नष्टीकरण, मालखाना प्रबंधन, एमएलसी रजिस्टर एवं अन्य अभिलेखों को अद्यतन रखने के भी निर्देश दिए गए।
साइबर अपराधों के मामलों में त्वरित कार्रवाई, लंबित अज्ञात आरोपी प्रकरणों के निराकरण के लिए विशेष टीम गठित करने तथा सभी ऑनलाइन शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही होटल, ढाबा, लॉज सहित सार्वजनिक स्थलों की नियमित जांच करने के निर्देश भी दिए गए।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक शाखा, संबंधित नगर पुलिस अधीक्षकों एवं थाना प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। विशेष रूप से मुकरता चौक पर पीक ऑवर्स के दौरान संबंधित थाने से कम से कम एक आरक्षक की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन, अलेक्जेंडर किरो, एसडीओपी डोंगरगांव मंजुलता बाज, एसडीओपी डोंगरगढ़ केसरीनंदन नायक, डीएसपी मुख्यालय के.पी. मरकाम, डीएसपी नक्सल ऑपरेशन एम्ब्रोज़ कुजूर सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
0

