प्रॉपर्टी विवाद में हुई थी हत्या, मुख्य गवाह मृतक का पुत्र
सुल्तानपुर 14 जुलाई (आरएनएस)। कुड़वार थाना क्षेत्र के पूरे बेनी माधव निवासी माता प्रसाद पाण्डेय हत्याकांड में इलाहाबाद उच्च न्यायालय के लखनऊ बेंच से दो आरोपियों को जमानत मिलने के बाद मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। जानकारी के अनुसार, 25 मार्च 2026 को प्रॉपर्टी डीलिंग के विवाद को लेकर माता प्रसाद पाण्डेय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
बताया जाता है कि इस मामले का मुख्य प्रत्यक्षदर्शी मृतक का पुत्र अवनीश पाण्डेय है। पुलिस जांच में ग्राम रूपापुर निवासी रमेश मौर्य, उनके पुत्र अनुराग मौर्य तथा सुरेंद्र कुमार शर्मा को नामजद किया गया था। बाद में विवेचना के दौरान कुछ अन्य अज्ञात व्यक्तियों के नाम भी सामने आए। मामले में आरोपियों की ओर से इलाहाबाद उच्च न्यायालय के लखनऊ बेंच में जमानत याचिका दाखिल की गई थी। बचाव पक्ष की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता सुखदेव सिंह ने पैरवी की। सुनवाई के बाद माननीय उच्च न्यायालय ने अनुराग मौर्य एवं रमेश मौर्य को जमानत प्रदान करने का आदेश जारी किया। वहीं, मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका और पुलिस विवेचना पर भी निगाहें टिकी हुई हैं। पुलिस का कहना है कि न्यायालय के आदेश का पालन किया जाएगा तथा विवेचना और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई जारी रहेगी। मामले की अगली सुनवाई और न्यायिक प्रक्रिया पर अब सभी पक्षों की नजर बनी हुई है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

