लखनऊ 14 जुलाई (आरएनएस )। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में महंगाई, भ्रष्टाचार, अपराध और अन्याय चरम पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि जनता अब भाजपा की नीतियों और कार्यशैली को समझ चुकी है तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उसे सत्ता से बाहर करने का काम करेगी।अखिलेश यादव ने जारी बयान में कहा कि भाजपा केवल सत्ता और धन की राजनीति करती है। उन्होंने अयोध्या स्थित भगवान श्रीराम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी और आभूषणों के गबन के मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि यह अत्यंत गंभीर और निंदनीय घटना है, जिस पर भाजपा नेतृत्व को जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुंची है।सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार की आर्थिक नीतियों के कारण देश की अर्थव्यवस्था कमजोर हुई है और विदेशी कर्ज लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार व्याप्त है तथा आम नागरिक को पुलिस चौकी, थाने, तहसील और कचहरी तक कहीं भी आसानी से न्याय नहीं मिल पा रहा है।किसानों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों से किए गए वादे पूरे नहीं किए। उनके अनुसार किसानों को फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है, जबकि खाद, बीज, डीजल, पेट्रोल और बिजली जैसी आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता भी प्रभावित है।कानून व्यवस्था को लेकर अखिलेश यादव ने दावा किया कि प्रदेश में अपराध की घटनाएं बढ़ी हैं और सरकार का ‘जीरो टॉलरेंसÓ का दावा पूरी तरह विफल साबित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि हिरासत में मौत और अन्य अपराधों के मामलों में उत्तर प्रदेश की स्थिति चिंताजनक है। साथ ही अलीगढ़ में नौकरी दिलाने के नाम पर कथित ठगी के मामले का उल्लेख करते हुए भाजपा पर निशाना साधा।धार्मिक और सामाजिक मुद्दों पर भी भाजपा को घेरते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समाज को बांटने की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी की घटना से लोगों की धार्मिक आस्था को ठेस पहुंची है तथा सनातन धर्म के प्रमुख संतों के सम्मान से जुड़े मुद्दों पर भी सरकार की भूमिका सवालों के घेरे में है।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा “सबका साथ, सबका विकास” का नारा देती है, लेकिन व्यवहार में केवल अपने लोगों का विकास करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र, किसान, व्यापारी, मजदूर, गरीब और युवा सभी वर्तमान सरकार की नीतियों से परेशान हैं तथा आरक्षण, संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाएं भी खतरे में हैं।उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को सत्ता से हटाकर संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण की रक्षा के लिए नया जनादेश देगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

