लखनऊ 14 जुलाई (आरएनएस )। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की मासिक समीक्षा बैठक मंगलवार को आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में महिला सुरक्षा, महिला कल्याण और विभिन्न संस्थानों के निरीक्षण की प्रगति की समीक्षा के साथ आगामी माह की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई।बैठक का शुभारंभ आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान, उपाध्यक्ष अपर्णा यादव और उपाध्यक्ष चारू चौधरी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद आयोग के पदाधिकारियों ने बीते माह के दौरान प्रदेश के विभिन्न जनपदों में किए गए निरीक्षणों और जनसुनवाई कार्यक्रमों की समीक्षा की।बैठक में आयोग की अध्यक्ष ने महिला जनसुनवाई, वन स्टॉप सेंटर, महिला चिकित्सालयों, महिला बंदीगृहों तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों के निरीक्षण के दौरान सामने आए बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को पत्र भेजने के निर्देश भी दिए।समीक्षा बैठक में महिलाओं की सुरक्षा, अधिकारों के संरक्षण और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर भी चर्चा हुई। आयोग के पदाधिकारियों ने विभिन्न जिलों में महिला संबंधी शिकायतों के निस्तारण, संस्थानों की व्यवस्थाओं और जनसुनवाई के अनुभवों को साझा करते हुए सुधार संबंधी सुझाव प्रस्तुत किए।
बैठक के दौरान आगामी माह में आयोजित किए जाने वाले महिला जागरूकता कार्यक्रमों, निरीक्षण अभियानों, जनसुनवाई शिविरों और अन्य गतिविधियों की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया। आयोग ने महिला हित से जुड़े कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाने तथा विभिन्न विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।कार्यक्रम के अंत में सदस्य सचिव रेणु तिवारी ने सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक का समापन किया।बैठक में आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान, उपाध्यक्ष अपर्णा यादव, उपाध्यक्ष चारू चौधरी के अलावा सदस्य हिमानी अग्रवाल, सुनीता श्रीवास्तव, पूनम द्विवेदी, अनीता गुप्ता, अनुपमा सिंह लोधी, गीता बिंद, गीता विश्वकर्मा, पुष्पा पाण्डेय, मीनाक्षी भराला, ऋतु शाही, एकता सिंह, प्रतिभा कुशवाहा और रेनू गौड़ सहित आयोग के अन्य पदाधिकारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

