गोरखपुर, 14 जुलाई। गांव-गांव तक चिकित्सा सुविधा सुलभ कराने में जुटी योगी सरकार की मंशा को पूरा करने में गोरखपुर ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मोबाइल मेडिकल यूनिट सेवा के संचालन में गोरखपुर पूरे प्रदेश में अव्वल बन गया है। सीएम डैशबोर्ड जून माह की रैंकिंग में गोरखपुर को पहला स्थान मिला है। मोबाइल मेडिकल यूनिट के जरिये ओपीडी संचालन से गांव-गांव तक, ग्रामीणों को बिना भागदौड़ के चिकित्सकीय सेवा मिल रही है। मोबाइल मेडिकल यूनिट संचालन में गोरखपुर जिले ने जून माह में प्रदेशभर में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। गोरखपुर में 5 मोबाइल मेडिकल यूनिट (एमएमयू) क्रियाशील हैं। ये एमएमयू उन गांवों तक निशुल्क चिकित्सा सेवा (परामर्श, लैब टेस्ट और दवाएं) उपलब्ध कराते हैं जो जिला अस्पताल, सीएचसी या पीएचसी से दूर पड़ते हैं। इस सेवा से गांव में ही जहां सामान्य बीमारियों का त्वरित इलाज हो जा रहा है तो वहीं लैब टेस्ट के माध्यम से गंभीर बीमारियों की पहचान हो जा रही है। प्रत्येक एमएमयू में एक डॉक्टर, नर्स, लैब टेक्नीशियन और फार्मासिस्ट होते हैं। जून माह में गोरखपुर जनपद में संचालित 5 एमएमयू के माध्यम से 50 ओपीडी आयोजित हुए। इन ओपीडी में अलग-अलग गांवों में 7053 मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श के बाद निशुल्क दवाएं दी गईं। इन मरीजों में से 1965 की विभिन्न पैथॉलॉजिकल जांच (लैब टेस्ट) की गई और जिनमें गंभीर बीमारियों के लक्षण मिले, उन्हें जिला अस्पताल या बड़े केंद्र के लिए रेफर किया गया। गोरखपुर के मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. राजेश झा का कहना है कि मोबाइल मेडिकल यूनिट के संचालन में गोरखपुर को जून माह में पहला स्थान मिलना इस बात का प्रमाण है कि शासन के संवेदनशील प्रयासों से जिले में चिकित्सा सेवा में लगातार सुदृढ़ता आ रही है। मोबाइल मेडिकल यूनिट का संचालन ग्रामीणों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रहा है। सीएम डैशबोर्ड के आंकड़ों के अनुसार जून माह में गोरखपुर जिले के अलावा इस मंडल के तीन अन्य जिलों महराजगंज (3 एमएमयू), देवरिया (4 एमएमयू) और कुशीनगर (4 एमएमयू) ने भी उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त की है। मंडल के सभी जिलों ने जून महीने में ए ग्रेड हासिल किया है। इन सभी जिलों में एमएमयू की क्रियाशीलता शत प्रतिशत रही।
गोरखपुर मंडल में मोबाइल मेडिकल यूनिट की उपलब्धि (जून माह)*
जिला ओपीडी – मरीज – लैब टेस्ट
गोरखपुर 50 – 7053 – 1965
देवरिया 48 – 5794 – 1294
कुशीनगर 49 – 5827 – 879
महराजगंज 47 – 4218 – 410
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

