रैपुरा (चित्रकूट) 14 जुलाई (आरएनएस)। किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें खेती-किसानी के लिए सुलभ ऋण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत रैपुरा में एक विशेष किसान क्रेडिट काड (केसीसी) कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में बड़ी संख्या में स्थानीय किसानों ने हिस्सा लिया और अपनी समस्याओं का समाधान कराया।
कैंप के दौरान बैंक अधिकारियों और वित्तीय सलाहकारों द्वारा नए किसान क्रेडिट कार्ड बनाने के लिए पात्र किसानों के आवेदन फॉर्म भरवाए गए। साथ ही जिन किसानों के के.सी.सी. कार्ड पहले से बने थे, उनके नवीनीकरण की प्रक्रिया भी पूरी की गई।
अधिकारियों ने किसानों को सीधे संबोधित करते हुए के.सी.सी. के तहत मिलने वाले कम ब्याज दर के लाभ, समय पर भुगतान करने पर मिलने वाली सब्सिडी और बीमा योजनाओं के बारे में विस्तार से समझाया ताकि किसान किसी बिचैलिए के बहकावे में न आएं।
शिविर में यह भी जानकारी दी गई कि अब कृषि के साथ-साथ पशुपालन और डेयरी व्यवसाय से जुड़े किसान भी इस योजना के तहत ऋण का लाभ उठा सकते हैं।
इस विशेष कैंप का मुख्य उद्देश्य हर पात्र किसान तक सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाना है। किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से किसान बिना किसी अतिरिक्त वित्तीय बोझ के अपनी फसलों के लिए खाद, बीज और आधुनिक उपकरण समय पर खरीद सकते हैं।
कैंप में शैलेश तिवारी, अपर सांख्यिकी अधिकारी, अग्रणी जिला प्रबंधक कार्यालय से राम जनार्दन सिंह, उ.प्र. ग्रामीण बैंक शाखा- रैपुरा के शाखा प्रबंधक, वित्तीय सलाहकार, कृषि विभाग के तकनीकी सहायक और भारी संख्या में ग्रामीण व किसान मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

