महासमुंद, 14 जुलाईं (आरएनएस)। जिले के बागबाहरा थाना क्षेत्र में चंडी मंदिर के पीछे जंगल की पहाड़ी पर संचालित हो रहे जुए के अड्डे पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान 4 आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस ने मौके से 3.60 लाख रुपये नकद, 14 मोबाइल फोन, दो कार, पांच दोपहिया वाहन समेत कुल 20.35 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार 13 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम घुचापाली स्थित चंडी मंदिर के पीछे जंगल में कुछ लोग 52 पत्ती ताश से काट-पत्ती नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद बागबाहरा पुलिस ने देर रात घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस को देखते ही कुछ लोग भाग निकले, जबकि 12 आरोपियों को मौके से पकड़ लिया गया।
जांच में आरोपियों के कब्जे से 3 लाख 60 हजार 100 रुपये नकद, 14 मोबाइल, दो कार, पांच दोपहिया वाहन, 9 बंडल ताश, दरी और सीएफएल बल्ब बरामद किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत 20 लाख 35 हजार 100 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 124/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 112 (छोटे संगठित अपराध) के तहत मामला दर्ज किया है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में चार आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय के मुताबिक, पिछले एक सप्ताह के भीतर यह चौथी जुआ रेड की कार्रवाई है। इस दौरान अब तक 26 जुआरियों को जेल भेजा जा चुका है, जबकि चार मामलों में 3 लाख 75 हजार 910 रुपये नकद सहित कुल 34 लाख 21 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
०


