लखनऊ 14 जुलाई (आरएनएस )। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से आमरण अनशन समाप्त करने की भावुक अपील करते हुए कहा है कि उनका जीवन मानवता, पर्यावरण और लोकतंत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि देश और समाज को उनके विचारों, संघर्ष और नेतृत्व की आवश्यकता है, इसलिए उन्हें अपना अनशन समाप्त कर संघर्ष को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाना चाहिए।अखिलेश यादव ने जारी बयान में कहा कि सोनम वांगचुक का जीवन केवल भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया के लिए अमूल्य है। उन्होंने कहा कि वांगचुक ने मानवता, पर्यावरण संरक्षण और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए जो संघर्ष किया है, वह देश के युवाओं और समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है।उन्होंने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि जिस सरकार को जगाने के लिए सोनम वांगचुक आमरण अनशन कर रहे हैं, वह संवेदनहीन और सिद्धांतविहीन व्यवस्था बन चुकी है। उनके अनुसार ऐसी सरकार पर किसी भी त्याग या बलिदान का कोई प्रभाव नहीं पड़ता और उससे नैतिक परिवर्तन की अपेक्षा करना व्यर्थ है।सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा के लिए जनता के जीवन से अधिक सत्ता और धन महत्वपूर्ण हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं के भविष्य, उनके परिवारों की उम्मीदों और लोकतांत्रिक मूल्यों की सरकार को कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि अहंकार से भरी सत्ता कभी सुधार का मार्ग नहीं अपनाती और सत्याग्रह के महत्व को वह नहीं समझ सकती।अखिलेश यादव ने कहा कि लोकतंत्र, पर्यावरण और युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए सोनम वांगचुक का मनोबल और नैतिक शक्ति देश के हर जागरूक नागरिक के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कामना की कि वांगचुक स्वस्थ रहकर देशहित, लोकतांत्रिक मूल्यों और पर्यावरण संरक्षण के संघर्ष का नेतृत्व करते रहें तथा नकारात्मक शक्तियों के विरुद्ध समाज के लिए प्रेरणा और मार्गदर्शक बने रहें।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

