बिलासपुर, 07 जुलाई (आरएनएस)। जिले के बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कड़ार सेवार में वर्षों से जर्जर पड़ी मुख्य सड़क को लेकर कांग्रेस ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में भरे बारिश के पानी को तालाब का रूप देते हुए कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से मछली पालन किया तथा जाल फेंककर शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि यह सड़क क्षेत्र के लोगों के आवागमन का प्रमुख मार्ग है, लेकिन लंबे समय से इसकी हालत अत्यंत खराब बनी हुई है। बरसात के दौरान सड़क पर बने गहरे गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। साथ ही दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बना रहता है। उनका कहना है कि इस मार्ग पर कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद सड़क की मरम्मत या निर्माण के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि संबंधित विभाग और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों की मांगों की लगातार अनदेखी की है। वर्षों से ग्रामीण सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं और इस संबंध में कई बार ज्ञापन एवं शिकायतें भी दी जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि सड़क की बदहाल स्थिति शासन की लापरवाही को उजागर करती है। इसी उपेक्षा के विरोध में उन्होंने सांकेतिक रूप से गड्ढों में मछली पालन कर अपना विरोध दर्ज कराया और प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।
0

