कोरबा,07 जुलाईं (आरएनएस)। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सजग कोरबा, सतर्क कोरबा अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। जिले में चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान 20 वाहन चालक नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए, जिनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई।पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान जिले के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर चेकिंग प्वाइंट बनाकर ब्रेथ एनालाइजर से वाहन चालकों की जांच की गई। जांच में 20 चालक शराब के नशे में वाहन चलाते मिले, जिनमें 8 चार पहिया और 12 दो पहिया वाहन चालक शामिल हैं। सभी मामलों में नियमानुसार वैधानिक और न्यायालयीन कार्रवाई की जा रही है।कोरबा पुलिस ने बताया कि 1 जनवरी 2026 से अब तक शराब पीकर वाहन चलाने वाले कुल 1143 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है। अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को मजबूत करना और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कर दुर्घटनाओं में कमी लाना है।पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि शराब या किसी भी नशीले पदार्थ का सेवन करने के बाद वाहन न चलाएं। यदि किसी कार्यक्रम में शराब का सेवन किया है तो स्वयं वाहन चलाने के बजाय चालक, टैक्सी या अन्य सुरक्षित परिवहन का उपयोग करें। साथ ही परिवार और परिचितों को भी नशे की हालत में वाहन चलाने से रोकें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा सड़क पर नशे में वाहन चलाते किसी व्यक्ति की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।कोरबा पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सजग कोरबा, सतर्क कोरबा अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
००००

