दुर्ग, 07 जुलाईं (आरएनएस)। वैशाली नगर थाना पुलिस ने भिलाई के स्टील नगर कैम्प-1 स्थित एक मकान में चल रहे जुआ फड़ पर छापेमार कार्रवाई कर 10 लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 52 पत्ती ताश, 44,100 रुपये नकद और 9 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि स्टील नगर कैम्प-1 स्थित सत्य साई होटल के पास ए. सरस्वती के मकान में चंद्रकला उर्फ बुच्ची और कृष्णा देवी द्वारा रुपये-पैसों का हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खिलाया जा रहा है। सूचना मिलते ही वैशाली नगर थाना पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। पुलिस को देखकर कुछ लोग भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन सभी 10 आरोपियों को मौके से पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान जुआ फड़ से 52 पत्ती ताश, 44,100 रुपये नकद और 9 मोबाइल फोन बरामद किए गए। इस मामले में थाना वैशाली नगर में अपराध क्रमांक 282/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 4 एवं 5 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी अवैध रूप से रुपये-पैसों का दांव लगाकर आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से जुआ खेल और खिला रहे थे। कार्रवाई में थाना वैशाली नगर पुलिस की टीम ने त्वरित सूचना संकलन, योजनाबद्ध घेराबंदी और प्रभावी रेड के जरिए आरोपियों को गिरफ्तार किया।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपने क्षेत्र में जुआ, सट्टा या अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
०


