रायपुर, 07 जुलाई (आरएनएस)। राजधानी रायपुर में अपराधों पर नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से तेलीबांधा थाना पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के तहत देवार डेरा, संदिग्ध स्थानों और असामाजिक गतिविधियों वाले अड्डों की सघन जांच की गई।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने क्षेत्र में घूम रहे संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की और विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान 7 लोगों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170/126, 135 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के बाद सभी संबंधित व्यक्तियों को विशेष कार्यपालिक मजिस्ट्रेट एवं सहायक पुलिस अधीक्षक, सिविल लाइन के कार्यालय में पेश करने के लिए रवाना किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना और संभावित अपराधों की रोकथाम करना है। तेलीबांधा थाना पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

