डीएम ने चकबंदी कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश
बाराबंकी 7 जुलाई (आरएनएस)। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में जनपद में संचालित चकबंदी कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में चकबंदी की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत ग्रामवार प्रगति, अभिलेखों के अद्यतनकरण, चक प्रस्तावों की स्थिति और कार्यों में आ रही बाधाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संचालित चकबंदी कार्यों का ग्रामवार परीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि प्रभावित ग्रामों में स्थलीय निरीक्षण कर समस्याओं का त्वरित समाधान कराया जाए और शासन स्तर से संबंधित प्रकरणों के प्रस्ताव तत्काल भेजे जाएं। उन्होंने सलेमाबाद एवं ओदार में धारा-52 के तहत प्रकाशित ग्रामों में अभिलेख अद्यतन, कब्जा दिलाने और लंबित औपचारिकताओं को समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि धारा-52 प्रकाशन के बाद की सभी कार्रवाई पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए, ताकि किसानों को चकबंदी का लाभ जल्द मिल सके। बैठक में बहरौली, कुसौरा, सरैया मकबूल नगर, कांहीपुर, बिजौली, मौलाबाद, डिंगरी सहित अन्य ग्रामों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों की आपत्तियों, अभिलेखीय विसंगतियों और अन्य समस्याओं का क्षेत्र भ्रमण व जनसंवाद के माध्यम से समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी चकबंदी अधिकारियों एवं सहायक चकबंदी अधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर चकबंदी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए। बैठक में अभिलेखों के डिजिटलीकरण, चकबंदी समितियों के गठन, पुनरीक्षण कार्यों और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं की भी समीक्षा हुई। इस अवसर पर बंदोबस्त चकबंदी अधिकारी (एसओसी) संजय कुमार विश्वास, सभी चकबंदी अधिकारी, सहायक चकबंदी अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

