आजमगढ़ 7 जुलाई(आर एन एस)पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से रियो वल्र्ड एकेडमी मनौवा लालगंज में वन महोत्सव सप्ताह बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया । जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि निखिल द्विवेदी, रेंज ऑफिसर, वन विभाग लालगंज उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों के साथ स्वयं पौधे लगाए और पर्यावरण में वृक्षों के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि द्विवेदी ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन की समस्या से बचने के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाना आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने बच्चों को समझाया कि एक पेड़ न केवल हमें ऑक्सीजन देता है, बल्कि मिट्टी का कटाव रोकता है, वर्षा बढ़ाने में सहायक होता है और जीव-जंतुओं को आश्रय भी प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे केवल पौधा लगाकर ही नहीं, बल्कि उनकी देखभाल करके उन्हें बड़ा करने का संकल्प भी लें।चेयरमैन पंचदेव सिंह ने कहा कि रियो वल्र्ड एकेडमी शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों के प्रति भी सजग है। इसी कड़ी में हर वर्ष वन महोत्सव मनाकर बच्चों में प्रकृति प्रेम की भावना विकसित की जाती है। डायरेक्टर संतोष सिंह ने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक एक-एक पेड़ लगाए तो धरती को पुन: हरा-भरा बनाया जा सकता है।प्रधानाचार्या डॉ. अपर्णा सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि बच्चों को छोटी उम्र से ही पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाना आवश्यक है। एच.एम. श्रीमती पूजा मिश्रा ने कार्यक्रम का संचालन किया और धन्यवाद ज्ञापित किया।कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम में छात्रों ने मुख्य अतिथि से पर्यावरण तथा वन संरक्षण से जुड़े तमाम प्रश्न पूछे जिसका उत्तर देते हुए निखिल द्विवेदी ने बड़ी सहजता से बच्चों की जिज्ञासाओं को शांत किया। विद्यालय प्रशासन ने घोषणा की कि लगाए गए प्रत्येक पौधे की देखरेख की जिम्मेदारी कक्षाओं को सौंपी जाएगी।वन महोत्सव सप्ताह के इस आयोजन ने न केवल विद्यालय परिसर को हरियाली से सजाया, बल्कि बच्चों के मन में भी प्रकृति के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी का भाव जागृत किया।इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन पंचदेव सिंह, डायरेक्टर संतोष सिंह, प्राचार्य गोल्ड क्रेस्ट कॉलेज विशाल साहू, प्रधानाचार्या डॉ. अपर्णा सिंह तथा एच.एम. श्रीमती पूजा मिश्रा सहित समस्त शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

