बिलासपुर 7 जुलाई 2026/ सरकंडा थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। संपत्ति अपने नाम कराने के दबाव में बेटे ने पिता से मारपीट की और लोहे का गंडासा लेकर जान से मारने की कोशिश की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
बिलासपुर के थाना सरकंडा क्षेत्र अंतर्गत राजकिशोर नगर निवासी प्रकाश केसरी की शिकायत पर पुलिस ने उनके बड़े बेटे विवेक केसरी (34 वर्ष), निवासी नवापारा, दयालबंद के खिलाफ कार्रवाई की है। शिकायत के अनुसार आरोपी कोई काम-धंधा नहीं करता और नशे का आदी है। वह लंबे समय से पिता पर घर की पूरी संपत्ति अपने नाम कराने का दबाव बना रहा था। 6 जुलाई 2026 की शाम करीब 6 बजे वह अपनी फॉक्स कार से पिता के घर पहुंचा और इसी बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया।
विवाद के दौरान आरोपी ने पहले पिता के साथ अश्लील गाली-गलौज की और हाथ-मुक्कों से मारपीट कर दी, जिससे उनकी पीठ और पसली में चोटें आईं। इसके बाद उसने अपने पास रखे लोहे के गंडासे से जान से मारने की नीयत से पिता को दौड़ाया। अपनी जान बचाने के लिए पीड़ित घर से निकलकर सड़क की ओर भागे और छिपकर खुद को सुरक्षित किया। घटना के बाद उन्होंने थाना सरकंडा पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर थाना सरकंडा पुलिस ने अपराध क्रमांक 1015/2026 दर्ज कर धारा 296, 115(2), 351(3) बीएनएस एवं 25-27 आर्म्स एक्ट के तहत विवेचना शुरू की। थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी बसंत विहार चौक के पास अपनी कार में घूम रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ और मेमोरेंडम कथन में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त फॉक्स कार (CG-10 BP-220) और लोहे का गंडासा जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
फिलहाल, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से गंभीर वारदात के आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया है। यह मामला पारिवारिक संपत्ति विवाद के खतरनाक रूप लेने का उदाहरण है, जहां समय रहते पुलिस की कार्रवाई से आगे की बड़ी अनहोनी टल गई।

