राजनांदगांव, 07 जुलाईं (आरएनएस)। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तुमड़ीबोड़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ढाबे में अवैध रूप से शराब पिलाते हुए संचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से शराब, डिस्पोजेबल गिलास, चखना सामग्री और नकदी जब्त कर आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि डोंगरगढ़ रोड स्थित छत्तीसगढ़ ढाबा, तुमड़ीबोड़ में आने-जाने वाले लोगों को अवैध रूप से बैठाकर शराब परोसी जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने ढाबे में दबिश दी। पुलिस को देखकर वहां मौजूद लोग मौके से फरार हो गए, जबकि ढाबा संचालक मनीष तेजवानी (31 वर्ष), निवासी नंदई चौक, राजनांदगांव मौके पर मिला।
तलाशी के दौरान पुलिस ने 3 पौवा देशी प्लेन शराब, 2 खाली शराब की बोतलें, शराब की गंध वाले 4 डिस्पोजेबल गिलास, नमकीन के रैपर तथा शराब पिलाकर अर्जित 300 रुपये नकद बरामद कर जब्त किए।
जांच में आरोपी द्वारा ढाबे में अवैध रूप से लोगों को शराब पिलाना पाए जाने पर उसके खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 36(क) के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया गया और वैधानिक कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक धनीराम नारंगे, सहायक उप निरीक्षक चुन्नीलाल साहू, आरक्षक प्रमोद करियारे, मिथुन वर्मा, चंद्रशेखर यादव तथा चौकी तुमड़ीबोड़ स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
०


