रायगढ,07 जुलाईं (आरएनएस)। जिले के पुसौर थाना पुलिस ने खेतों में सिंचाई के लिए लगाए गए बोरवेल के केबल वायर चोरी करने वाले दो सक्रिय आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के केबल को जलाकर निकाला गया करीब दो किलोग्राम तांबे का तार तथा वारदात में इस्तेमाल की गई प्लेटिना मोटरसाइकिल जब्त की गई है।पुलिस के अनुसार, क्षेत्र के किसानों द्वारा लगातार बोरवेल के केबल वायर चोरी होने की शिकायतें मिल रही थीं। इसी बीच 5 जुलाई 2026 को रेंगालपाली निवासी ऋषिकेश साव उर्फ संतोष साव (35) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके खेत से करीब 100 मीटर केबल वायर, जिसकी कीमत लगभग 20 हजार रुपये है, अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं। शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने विक्रांत सिदार (22) और दिगम्बर मांझी (26), दोनों निवासी रेंगालपाली, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों के निशानदेही पर चोरी के बल को जलाकर निकाला गया करीब दो किलो तांबे का तार तथा घटना में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त की गई।पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के साथ धारा 3(5) भी जोड़ते हुए गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।पुलिस ने बताया कि खेतों में लगातार हो रही केबल चोरी की घटनाओं का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

