जशपुर,07 जुलाईं (आरएनएस)। डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने सोमवार को पुलिस कार्यालय जशपुर में अपराध समीक्षा बैठक लेकर जिले के सभी अनुविभागों के लंबित अपराध, चालान, शिकायत और मर्ग प्रकरणों की बिंदुवार समीक्षा की। बैठक में राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों और विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों को लंबित मामलों का निर्धारित समय सीमा में निराकरण करने तथा अपराधों की विवेचना में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।बैठक में डीआईजी एवं एसएसपी ने स्पष्ट किया कि विवेचना में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी, जबकि उत्कृष्ट कार्य करने वाले थाना एवं चौकी प्रभारियों को पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने राजपत्रित अधिकारियों को विवेचकों के कार्यों की प्रतिदिन मॉनिटरिंग करने और दोषसिद्धि बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।डॉ. लाल उमेद सिंह ने जिले में गौ-तस्करी, मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध शराब, जुआ, सट्टा, नशीली दवाओं के कारोबार और अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, साइबर ठगी के मामलों में साइबर सेल के सहयोग से त्वरित कार्रवाई और तकनीकी सहायता तत्काल उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को बैरिकेड लगाकर सघन वाहन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाने, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, सीट बेल्ट नहीं लगाने, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने तथा शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।डीआईजी एवं एसएसपी ने ‘पुलिस मितानÓ पहल को और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने थाना एवं चौकी प्रभारियों से कहा कि पुलिस मितानों के साथ नियमित बैठकें कर उन्हें कानून-व्यवस्था, साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल सुरक्षा, नशा मुक्ति और यातायात जागरूकता अभियानों से जोड़ा जाए, ताकि पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास और समन्वय मजबूत हो सके।इसके अलावा उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी शिकायतकर्ता थाना या चौकी से निराश होकर वापस न लौटे। सभी शिकायतों पर निष्पक्ष और संवेदनशील कार्रवाई की जाए तथा गांवों से आने वाली शिकायतों के निराकरण में संबंधित सुरक्षा प्रभारी अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। साथ ही निगरानी बदमाशों की नियमित जांच, पैदल मार्च, कॉम्बिंग गश्त और क्षेत्र में विजिबल पुलिसिंग बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

