गरियाबंद,07 जुलाईं (आरएनएस)। जिले के बजाड़ी गांव में दुर्लभ वन्यजीव पैंगोलिन (खालखपरी) मिलने से वन विभाग सतर्क हो गया। ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और वन्यजीव का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे अपने संरक्षण में ले लिया।जानकारी के अनुसार, जनपद सदस्य सुभाष यादव ने बजाड़ी गांव में पैंगोलिन दिखाई देने की सूचना वन विभाग को दी थी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हुई और वन परिक्षेत्र अधिकारी अश्वनी दास के नेतृत्व में रात्रि गश्त के दौरान पैंगोलिन का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया। पूरी कार्रवाई के दौरान विशेष सावधानी बरती गई, जिससे वन्यजीव को किसी प्रकार की चोट न पहुंचे।वन विभाग के अनुसार, पैंगोलिन विश्व की दुर्लभ और संरक्षित वन्यजीव प्रजातियों में शामिल है। इसके शरीर पर मौजूद कठोर शल्क (कवच) इसकी विशेष पहचान हैं। यह मुख्य रूप से चींटियों और दीमकों को खाकर जीवित रहता है तथा पारिस्थितिकी तंत्र के संतुलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।वन अधिकारियों ने बताया कि पैंगोलिन की स्वास्थ्य जांच और आवश्यक देखरेख के बाद उसे सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ा जाएगा। विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी भी दुर्लभ वन्यजीव की जानकारी मिले तो उसे पकडऩे या नुकसान पहुंचाने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते उसका सुरक्षित रेस्क्यू और संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके। वन विभाग ने कहा कि वन्यजीव संरक्षण के लिए जिले में लगातार गश्त और निगरानी अभियान जारी है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

