कोंडागांव, 07 जुलाई (आरएनएस)। महिला सशक्तिकरण, जनसंवाद तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा संचालित ‘दीदी के गोठ रेडियो कार्यक्रम के सफलतापूर्वक एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 09 जुलाई 2026 को राज्यभर में वृहद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन ग्राम, क्लस्टर, विकासखंड, जिला, संभाग एवं राज्य स्तर पर किया जाएगा। इस अवसर पर महिला स्व-सहायता समूहों की दीदियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा स्थानीय नागरिकों की सक्रिय सहभागिता रहेगी। कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण, आजीविका संवर्धन, वित्तीय समावेशन एवं सामाजिक जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की जाएगी। उल्लेखनीय है कि ‘दीदी के गोठ कार्यक्रम ने पिछले एक वर्ष में महिलाओं के साथ सीधा संवाद स्थापित करने, उनकी समस्याओं के समाधान तथा शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित यह वृहद कार्यक्रम महिलाओं के आत्मविश्वास, सहभागिता और सशक्तिकरण को नई मजबूती प्रदान करेगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

